सकलडीहा में जाम की समस्या से परेशान है राहगीर
सकलडीहा।सकलडीहा में हाइवे सड़क निर्माण के दौरान डा.आम्बेडकर प्रतिमा के समीप स्टेशन मार्ग पर गिट्टी गिराकर बीते एक माह से अधिक समय से छोड़ दिया गया है। जिसके कारण आवागमन में काफी समस्या हो रही है। कार्यदायी संस्था की मनमानी के खिलाफ तहसील प्रशासन भी चुप्पी साधे हुए है। जिसे लेकर व्यापारियों में भारी आक्रोश है। समस्या का समाधान नहीं होने पर व्यापारियों ने आन्दोलन की चेतावनी दिया है।
डा.आम्बेडकर प्रतिमा स्थल को लेकर बीते तीन माह पूर्व एसडीएम कुंदन राज कपूर सड़क पर उतरकर जमकर अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। आम्बेडकर प्रतिमा स्थापित होते ही अतिक्रमण अभियान ठंडे बस्ते में चला गया। इसके बाद कार्यदायी संस्था ने सड़क पर सीसी मार्ग ढ़लाई को लेकर सकलडीहा स्टेशन जाने वाली मार्ग पर गिट्टी गिराकर मार्ग बंद कर दिया। एक माह से अधिक समय बाद भी मार्ग पर आवागमन शुरू नहीं कराया गया। जिससे प्रतिदिन सुबह से लेकर रात तक आने जाने वाले लोग जाम की समस्या से परेशान है। स्टेशन मार्ग बंद होने से छोटी बड़ी वाहनों को लम्बी दूरी तक करके मार्केट में जाना पड़ रहा है। ट्रांसपोर्ट वाहन,स्कूली वाहन से लेकर टेम्पू सवारी वाहन भी परेशान है। उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप गुप्ता ने कार्यदायी संस्था की मनमानी के खिलाफ विरोध जताया है। चेताया कि जल्द से जल्द स्टेशन मार्ग पर आवागमन शुरू नहीं कराया गया तो व्यापारी आन्दोलन के लिये सड़क पर उतरने के लिये मजबूर होंगे। इस बाबत कोवताल दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि कार्यदायी संस्था के माध्यम से वार्ता करके शीघ्र ही आवागमन शुरू कराया जायेगा।
