तहसील मुख्यालय पर विरोध जताते हुए ग्रामीण
सकलडीहा चहनिया विकास खंड के सर्वानंदपुर गांव के ग्रामीणों ने बुधवार को एसडीएम कुंदन राज कपूर से मिलकर ग्राम प्रधान की मनमानी को लेकर पत्रक सौपा। कागजों पर हो रहे विकास कार्यो की जांच कराये जाने की मांग किया। इसके पूर्व ग्रामीणों ने तहसील गेट पर ग्राम प्रधान के खिलाफ जमकर नारेबाजी किया।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास खंड के सर्वानंदपुर में विकास सिर्फ कागजों पर किया जा रहा है। सरकारी धन का दुरूपयोग हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में सड़क, नाली, आवास, शौचालय सहित कई विकास कार्य केवल फाइलों में पूरे दिखा दिए गए। जबकि जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग है। आरोप है कि वर्षों से गांव में विकास के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति की जा रही है और ग्रामीण मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं।ग्रामीणों ने एसडीएम से मिलकर किये गये विकास कार्यो की जांच कराये जाने की मांग किया। वही ग्राम प्रधान ने ग्रामीणों की ओर से लगाये गये आरोप को निराधार बताया। इस बाबत एसडीएम ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराये जाने का ग्रामीणों को आश्वासन देकर शांत कराया। इस मौके पर विरोध जताने वालों में अशोक यादव, आजाद सिंह, ओमप्रकाश पाण्डेय, विनय, चंद्रभान, अर्जुन यादव, गोलू, अखिलेश, सरफराज, अनवर अली, जयप्रकाश यादव, बबलू यादव, महेश राजभर, किशोर राजभर, सुनीता, निर्मला सहित अन्य मौजूद रहे।
