सकलडीहा पीजी कॉलेज में विकसीत भारत यूथ के तहत प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते प्राचार्य सहित अन्य
सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज में आगामी 28 फरवरी को विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। गुरुवार को महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा तय की गई। इस आयोजन में चयनित छात्र-छात्राएं विधानसभा और लोकसभा की कार्यवाही में हिस्सा लेंगे। इस कार्यक्रम के तहत पांच दर्जन से अधिक युवाओं ने ऑनलाइन आवेदन किया है।
सकलडीहा पीजी कॉलेज जिले का एक प्रतिष्ठित और प्राचीन महाविद्यालय है। जिसे नैक द्वारा मान्यता प्राप्त है। इस कार्यक्रम में 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग लेंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसडीएम कुंदन राज कपूर होंगे। प्रतिभागियों को एक विषय दिया जाएगा। चयनित छात्र पहले लखनऊ विधानसभा में जाएंगे और वहां से चयनित होने पर संसद में अपनी बात रखेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को लोकतंत्र, संविधान, और नागरिकों के अधिकारों व कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना है, ताकि वे देश के जिम्मेदार नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में पांच जजों की टीम निर्णय लेगी। प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने बताया कि महाविद्यालय को आगे बढ़ाने और नई शिक्षा नीति के उद्देश्यों को पूरा करने के लिए ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में जागरूक शिक्षक हैं जो बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देते हैं। पिछली बार भी महाविद्यालय के दो छात्र लखनऊ विधानसभा में प्रतिभाग कर चुके हैं। इस अवसर पर प्रो. शमीम राइन, प्रो. जितेंद्र यादव, प्रो. बिजेंद्र सिंह, प्रो. महेंद्र प्रताप सिंह, प्रो. इंद्रदेव सिंह, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. सीता मिश्रा, श्यामलाल सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।
