बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का एसडीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
बाढ़ प्रभावित तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण करतीं एसडीएम आकांक्षा सिंह
सकलडीहा। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तहसील प्रशासन ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी और तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को उप जिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने धानापुर और चहनियां ब्लॉक के बाढ़ प्रभावित तटवर्ती इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।धानापुर और चहनियां ब्लॉक में दो दर्जन से अधिक गांवों को बाढ़ की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र के रूप में चिन्हित किया गया है। प्रशासन की ओर से इन क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ पशुओं के लिए चारा, पशु आश्रय स्थल और बाढ़ राहत शिविर की व्यवस्था की गई है। ग्रामीणों और पशुपालकों की समस्याओं पर नजर रखने के लिए लेखपाल और कानूनगो को लगातार क्षेत्र में भ्रमण करने के निर्देश दिए गए हैं।एसडीएम ने कहा कि बाढ़ की स्थिति में किसी प्रकार की जनहानि और पशुहानि न हो, इसके लिए तहसील प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। संबंधित नोडल अधिकारियों और राजस्व कर्मियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत एवं बचाव कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।एसडीएम आकांक्षा सिंह ने बताया कि बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर संबंधित नोडल अधिकारियों और लेखपालों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।इस दौरान नायब तहसीलदार दिनेश चंद्र शुक्ला, चंदन यादव, आलोक पांडेय, जितेंद्र समेत राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद रहे।