बाल संसद चुनाव में प्रधानमंत्री बने रोहित और शिक्षा मंत्री खुशबू राय
पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार में बाल संसद चुनाव में जीते हुए पदाधिकारी
सकलडीहा। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नईबाजार में बाल संसद का चुनाव शनिवार को प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार रत्नाकर के निर्देशन एवं देखरेख में सफलता पूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालय में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के अनुरूप मतदान कराया गया। जिसमें छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
प्रधानमंत्री पद के लिए हुए रोमांचक मुकाबले में सिट्टू यादव ने 53 मत प्राप्त कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी अभय को मात्र 1 मत से पराजित कर विजय प्राप्त की। वहीं उपप्रधानमंत्री पद पर जैस्मीन परवीन ने 49 मत प्राप्त कर विक्की यादव को हराया। शिक्षा मंत्री पद पर खुश्बू राय ने 39 मत प्राप्त कर पियूष को पराजित करते हुए जीत दर्ज की। अन्य पदों पर सुहानी, खुशी राय सहित सभी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव प्रक्रिया के पर्यवेक्षक के रूप में नोडल शिक्षक संकुल पौरा राहुल राय उपस्थित रहे। मतदान अधिकारी की जिम्मेदारी विद्यालय के शिक्षक धर्मराज प्रसाद, सतीश कुमार एवं सुरेश कुमार ने सफलतापूर्वक निभाई।मतगणना के उपरांत विजयी प्रत्याशियों का विद्यालय परिवार द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार रत्नाकर ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बाल संसद विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, लोकतांत्रिक मूल्यों, अनुशासन तथा उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है।