सकलडीहा चंदौली। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, चंदौली में सोमवार को प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला कार्यकारिणी के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की औपचारिक घोषणा चुनाव अधिकारियों द्वारा की गई। सभी पदों पर एक-एक प्रत्याशी होने के कारण सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पारितोष मिश्रा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया।प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ की जिला कार्यकारिणी के गठन के लिए 23 जुलाई को विभिन्न पदों पर नामांकन दाखिल किए गए थे। 24 जुलाई को नाम वापसी तथा 25 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच के उपरांत सभी नामांकन वैध पाए गए। प्रत्येक पद पर एकमात्र प्रत्याशी होने के कारण चुनाव अधिकारी डॉ. गुलाब वर्मा एवं रिटर्निंग ऑफिसर डॉ. सी.पी. सिंह ने सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।निर्वाचित पदाधिकारियों में डॉ. संजय यादव जिलाध्यक्ष, डॉ. देवेश पांडेय सचिव, डॉ. संजय कुमार एवं डॉ. रविकांत सिंह उपाध्यक्ष, डॉ. महिमानाथ महिला उपाध्यक्ष, डॉ. प्रदीप पांडेय वित्त सचिव, डॉ. उग्रसेन केंद्रीय कार्य समिति सदस्य तथा डॉ. धर्मेंद्र सिंह संपादक निर्विरोध चुने गए।डॉ. संजय यादव वर्ष 2018 से 2024 तक संघ के जिला सचिव तथा 2024 से 2026 तक जिलाध्यक्ष के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। लगातार दूसरी बार जिलाध्यक्ष निर्वाचित होने पर जिले के चिकित्सकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। इस अवसर पर डॉ. संजीव जायसवाल, डॉ. बी.के. प्रसाद सहित प्रांतीय चिकित्सा सेवा संघ के अनेक पदाधिकारी एवं चिकित्सक उपस्थित रहे।
