बारिश में जलमग्न हुआ विद्यालय परिसर, सचिवालय के बाहर गंदगी का अंबार
विकास खंड अधिकारी व ग्राम प्रधान की अनदेखी से ग्रामीणों में रोष
सकलडीहा। कस्बा के अंबेडकर नगर स्थित आदि हिन्दू प्राथमिक विद्यालय परिसर में बारिश होते ही जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले लेती है। विद्यालय के खेल मैदान में पानी भर जाने से छात्र-छात्राओं को आवागमन और खेलकूद में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलभराव के कारण विद्यालय परिसर की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है।वहीं विद्यालय से सटे सकलडीहा ग्राम सचिवालय के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर गंदगी का अंबार लगा हुआ है। जलभराव और कूड़े के कारण उठ रही दुर्गंध से ग्रामीणों, विद्यार्थियों तथा सचिवालय आने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण टोनु चौधरी सहित अन्य का कहना है कि कई बार शिकायत के बावजूद न तो नियमित सफाई कराई जा रही है और न ही जल निकासी की कोई स्थायी व्यवस्था की गई है।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विकास खंड अधिकारी और ग्राम प्रधान की उदासीनता के चलते समस्या दिनोंदिन विकराल होती जा रही है। बरसात के मौसम में हालात और भी बदतर हो जाते हैं, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से विद्यालय परिसर व सचिवालय के बाहर तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराने, नियमित सफाई अभियान चलाने तथा स्थायी समाधान सुनिश्चित करने की मांग की है। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
