सकलडीहा में एनसीसी कैडेटों और ब्लॉक कर्मियों ने निकाली तिरंगा यात्रा
सकलडीहा ब्लॉक मुख्यालय से तिरंगा यात्रा में शामिल अधिकारी व कर्मचारी।
सकलडीहा इंटर कॉलेज से तिरंगा यात्रा निकालते एनसीसी कैडेट।
सकलडीहा। हर घर तिरंगा अभियान के तहत बुधवार को सकलडीहा ब्लॉक मुख्यालय और सकलडीहा इंटर कॉलेज से अलग-अलग तिरंगा यात्राएं निकाली गईं। एनसीसी कैडेटों, अधिकारियों और कर्मचारियों ने हाथों में तिरंगा लेकर लोगों को अपने घरों पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने के लिए प्रेरित किया।सकलडीहा इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेटों ने कैप्टन सत्य मूर्ति ओझा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर कैडेटों ने वंदे मातरम् और भारत माता की जय के जयघोष से वातावरण को देशभक्तिमय बना दिया। कैप्टन सत्य मूर्ति ओझा ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए हजारों-लाखों देशवासियों ने अपना बलिदान दिया। माताओं ने अपने पुत्रों को खोया और कई महिलाओं की मांग का सिंदूर मिट गया। तिरंगा यात्रा देश के प्रति नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना को मजबूत करती है।वहीं, ब्लॉक मुख्यालय से ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय के नेतृत्व में पंचायत कर्मियों ने वाहन और पैदल तिरंगा यात्रा निकाली। यात्रा के माध्यम से ग्रामीणों को हर घर तिरंगा अभियान से जुड़ने के लिए जागरूक किया गया।इस अवसर पर सूबेदार मिलन, सुनील कुमार, रौनक पांडेय, प्रियंका, अंकित, अंजली, पंचायत सचिव पवन दूबे, अरविंद गौतम, रजनीश यादव, अमित कुमार, संजय यादव, संदीप, मिथिलेश, सतीश यादव, मनीष सिंह, लल्लन राय सहित अन्य उपस्थित रहे।
इनसेट
तिरंगे रंग में सजाया भारत का मानचित्र
सकलडीहा पीजी कॉलेज में स्वयंसेवकों की ओर से तिरंगे रंग में भारत का मानचित्र बनाया गया। प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय सहित महाविद्यालय के शिक्षकों और छात्र-छात्राओं ने तिरंगे भारत के मानचित्र का अवलोकन किया। इस दौरान डा. योगेंद्र तिवारी, प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, डा. दया निधि सिंह यादव, डा. सीता मिश्रा और डा. अमन मिश्रा सहित अन्य मौजूद रहे।
