अंतर्जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता में गाजीपुर की टीम बनी विजेता
ताजपुर में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के साथ विधायक सुशील सिंह व ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह
सकलडीहा। क्षेत्र के ताजपुर गांव में युवक मंगल दल की ओर से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अंतर्जनपदीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश और बिहार की कुल 20 टीमों ने प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबला गाजीपुर और भदोही की टीम के बीच हुआ, जिसमें गाजीपुर की टीम ने 32-16 अंकों से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि सैयदराजा विधायक सुशील सिंह और ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। प्रतियोगिता में बिहार के कैमूर, भभुआ और जहानाबाद के अलावा गाजीपुर, चंदौली, भदोही, वाराणसी, मिर्जापुर और चहनिया क्षेत्र की टीमों ने प्रतिभाग किया।विधायक सुशील सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ खेल का भी जीवन में महत्वपूर्ण स्थान है। खेल से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास होता है। ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित ऐसी प्रतियोगिताएं स्थानीय प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।ब्लॉक प्रमुख अवधेश सिंह ने कहा कि क्षेत्र में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि उन्हें बेहतर मंच और उचित अवसर मिले। खिलाड़ियों को आश्वस्त किया कि जरूरत पड़ने पर वह हर संभव सहयोग के लिए उनके साथ खड़े रहेंगे।विधायक ने प्रतियोगिता आयोजन के लिए जनरेटर, मंच और टेंट की व्यवस्था अपने स्तर से कराने की घोषणा भी की। युवक मंगल दल की ओर से पिछले सात वर्षों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।इस मौके पर ग्राम प्रधान सतीश चंद्र, रविंद्र प्रताप सिंह, कोमल सिंह, अमित सिंह, शंभू सिंह, विक्की, सतीश पांडेय, चंदन पासवान, प्रमोद, जितेंद्र, तेज प्रताप यादव, अमित यादव, सत्य प्रकाश, अजीत, विनोद पाल, बृजेश पाल, योगेंद्र पाल और राजेश चौहान प्रदीप पांडेय सहित अन्य मौजूद रहे।
