संपूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवाद के मामले छाए
सकलडीहा। सकलडीहा तहसील परिसर में शनिवार को उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को प्रार्थना पत्र सौंपा। अधिकारियों ने मौके पर कुछ मामलों का निस्तारण किया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया।समाधान दिवस में सबसे अधिक शिकायतें भूमि विवाद और राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। जमीन से जुड़े मामलों की अधिकता को देखते हुए एसडीएम आकांक्षा सिंह ने राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि शिकायतों की गंभीरता से जांच कराई जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर जाकर दोनों पक्षों की स्थिति की जांच करें और निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करें।एसडीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि फरियादियों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार तहसील के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जाए।इस दौरान तहसीलदार सकलडीहा, नायब तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी सकलडीहा विजय कुमार सिंह, खंड विकास अधिकारी धानापुर राकेश कुमार मिश्रा, खंड विकास अधिकारी चहनिया, खंड शिक्षा अधिकारी सकलडीहा के प्रतिनिधि, खंड शिक्षा अधिकारी धानापुर, क्षेत्राधिकारी सकलडीहा कृष्ण मुरारी शर्मा समेत तहसील के अधिकारी-कर्मचारी और पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।