गलतफहमियां दूर कर पुलिस ने मिलाए आठ बिछड़े दंपत परिवार ,सराहनीय
मिशन शक्ति अभियान के तहत पहल, दंपतियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर साथ रहने का किया वादा
सकलडीहा कोतवाली में आपसी सहमति से एक हुए दंपती।
सकलडीहा (चंदौली)। पारिवारिक विवाद और आपसी गलतफहमियों के चलते अलग रह रहे आठ दंपतियों को सकलडीहा कोतवाली पुलिस ने समझा-बुझाकर फिर से एक कर दिया। मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस की इस पहल से बिखरते परिवारों में खुशियां लौट आईं। कोतवाली परिसर में दंपतियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर साथ रहने का वादा किया। परिजनों ने पुलिस के इस प्रयास की सराहना की।सकलडीहा कोतवाली में पति-पत्नी के बीच विवाद से संबंधित मामले सामने आ रहे थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस ने पारिवारिक कलह के कारण लंबे समय से अलग रह रहे दंपतियों को एक साथ बैठाकर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर गलतफहमियों और आपसी मनमुटाव को दूर करने का प्रयास किया गया। पुलिस की समझाइश के बाद आठ दंपती आपसी सहमति से साथ रहने के लिए राजी हो गए।इसके बाद दंपतियों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर वैवाहिक जीवन में प्रेम और विश्वास बनाए रखने का संकल्प लिया। एक-दूसरे को फूल-माला और मिठाई खिलाकर उन्हें विदा किया गया। पुलिस की इस पहल से परिवारों में फिर से खुशियां लौटने की उम्मीद जगी है।इस मौके पर लक्ष्मीकांत मिश्रा, नेहा, रीमा, गोपाल तिवारी, रामनारायण निषाद, अभिमन्यु राय और राणा प्रताप सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।