सकलडीहा में सरोवर की साफ सफाई व पानी के अभाव में मूर्ति विसर्जन की समस्या
सकलडीहा कस्बा स्थित दुर्गा मंदिर के पास प्राचीन शिव सरोवर गंदगी के अंबार से पटा
सकलडीहा। बीते तीन साल से कस्बा के प्राचीन शिव सरोवर की साफ सफाई और पानी के अभाव में मूर्ति विसर्जन की समस्या बनी हुई है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी से लेकर जनप्रतिनिधि अनजान बने हुए है। जिसे लेकर दुर्गा पूजा सेवा समिति के पदाधिकारियों सहित कस्बावासियों में आक्रोश है। समिति के पदाधिकारियों ने सरोवर की साफ सफाई और पानी भरने की मांग उठाया है।
सकलडीहा तहसील ब्लॉक और विधान सभा होने के बाद भी सकलडीहा कस्बा की सबसे प्राचीन सरोवर की दुर्दशा को देख लोगों में काफी आक्रोश है। बीते तीन सालों से सरोवर में पानी की समस्या के साथ साफ सफाई नहीं होने पर इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र में मूर्ति विसर्जन की समस्या खड़ी होगई है। इसके बाद भी पुलिस प्रशासन से लेकर पंचायत विभाग और जनप्रतिनिधि भी अनजान बने हुए है। शांति समिति की बैठक में समिति के पदाधिकारियों की ओर से सरोवर की साफ सफाई कराये जाने व पानी भरने की मांग किया गया था। बाबजूद प्रशासन के लोग चुप्पी साधे हुए है। बीते तीन साल पूर्व दूषित पानी में मूर्ति विसर्जन होने से पूरी रात तहसील और पुलिस प्रशासन परेशान रही। समिति के लोगों ने कई मूर्तियों का विसर्जन रोक दिया था। काफी हंगामा होने के बाद दूसरे तालाबों में मूर्ति विसर्जन होने पर समिति के लोग शांत हुए। पुन: प्राचीन सरोवर की दुर्दशा को देख लोगों में आक्रोश है। व्यापारियों ने आरोप लगाया कि इसी सरोवर पर डाला महाछठ पर्व का आयोजन होता है। ऐसी स्थिती में काफी समस्या होगी। उधर कोतवाल भूपेन्द्र निषाद ने बताया कि सरोवर की समस्या को लेकर अन्य सरोवर में मूर्ति विसर्जन को लेकर व्यवस्था किया जा रहा है। इसके लिये संबधित गांव के ग्राम प्रशासक और सचिव को अवगत कराया गया है।