सकलडीहा दुर्गा मंदिर के समीप गंदा नाला का पानी मंदिर मार्ग पर बहते हुए
सकलडीहा। दो साल से अधिक समय बीतने के बाद भी सकलडीहा टिमिलपुर कस्बा के मुख्य मार्ग पर गंदा नाला का निर्माण नहीं होने से सड़क और मंदिर मार्ग पर गंदानाला का पानी बह रहा है। सुबह शाम आने जाने वाले राहगीर और दर्शनार्थियों को काफी समस्या हो रही है। इसके बाद भी समस्या को लेकर विभागीय अधिकारी से लेकर कार्यदायी संस्था के लोग अनजान बने हुए है। समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों में आक्रोश है।
चंदौली से सैदपुर फोरलेन सड़क निर्माण कार्यदायी संस्था इपकों की ओर से किया जा रहा है। बीते दो साल से अधिक समय के बाद भी टिमिलपुर कस्बा के मुख्य मार्ग पर दोनों पटरी में नाला का निर्माण अधूरा पड़ा हुआ है। जिसके कारण घरों का गंदा पानी नाला में बजबजा रहा है। नाला का पानी ओवर फ्लो होकर सड़क और मंदिर मार्ग पर बह रहा है। जिसके कारण आने जाने वाले राहगीर और दर्शनार्थियों को काफी समस्या हो रही है। व्यापार मंडल अध्यक्ष केके सोनी,समाजसेवी रतेन्द्र राजभर,गोलू यादव, बाबूजान,नागेन्द्र,दिलीप जायसवाल, मारकंडे जायसवाल, सुनील रस्तोगी ने बताया कि नाला का निर्माण नहीं होने के कारण सड़क पर गंदा पानी बह रहा है। जिसके कारण सड़क गड्ढे में तब्दील होगया है। आने जाने वाले वाहनों को काफी परेशानी हो रही है। जर्जर मार्ग पर लोग गिरकर चोटिल हो रहे है। व्यापारियों ने शीध्र नाला निर्माण कराये जाने की मांग उठाया है। उधर कार्यदायी संस्था के डिप्टी मैनेजर सुधीर चौहान ने बताया कि शीध्र ही समस्या का समाधान कराया जायेगा।
