तेन्दुईपुर गांव में घटना की जानकारी लेते हुए कोतवाली पुलिस
सकलडीहा। सकलडीहा-अलीनगर मार्ग पर तेंदुई गांव के समीप सोमवार को शाम में एक अनियंत्रित स्कार्पियो सड़क किनारे लगे विद्युत पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पोल क्षतिग्रस्त होकर गाड़ी पर लटक गया और तार भी वाहन के संपर्क में आ गए। गनीमत रही कि बिजली कटी थी गाड़ी में करंट प्रवाहित नहीं हुआ। जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मुगलसराय नई बस्ती निवासी दिनेश यादव की स्कार्पियो का चालक अलीनगर से सकलडीहा की ओर आ रहा था। तेंदुई गांव के पास पहुंचते ही चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे विद्युत पोल से जा टकराई। हादसे के वक्त वाहन में एक महिला छोटे बच्चों के साथ बैठी थी। राहगीरों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला गया। हालांकि, इस दुर्घटना में कोई घायल नहीं हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दुर्घटना के कारण सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया, जिससे जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही कोतवाल भूपेंद्र कुमार निषाद और उपनिरीक्षक वरुणेंद्र राय सहित अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने जांच पड़ताल शुरू की और सड़क को खाली कराने में जुट गए। इस संबंध में विद्युत विभाग के जेई मनीष कुमार ने बताया कि वाहन और उसके चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
