ग्रामीण उपकेंद्र पर तकनीकी सुधार, अब ट्रिपिंग से मिलेगी राहत
सकलडीहा । सकलडीहा ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र से जुड़े नोनार और सकलडीहा द्वितीय फीडर पर बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या के समाधान के लिए मंगलवार को तकनीकी सुधार कार्य किया गया। करीब चार घंटे तक चले कार्य के बाद बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई। विभाग का दावा है कि इससे उपभोक्ताओं को बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से काफी हद तक राहत मिलेगी।अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) नरेश कुमार और उपखंड अधिकारी (एसडीओ) सियाराम यादव के निर्देशन में नोनार एवं सकलडीहा द्वितीय फीडर का अतिरिक्त विद्युत भार पुनर्वितरित किया गया। इस दौरान दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक मरम्मत एवं तकनीकी कार्य के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही। कार्य पूरा होने के बाद आपूर्ति सुचारु रूप से बहाल कर दी गई।सकलडीहा ग्रामीण उपकेंद्र से नोनार, सकलडीहा द्वितीय, कुचमन, कमालपुर तथा चहनिया फीडर के माध्यम से सैकड़ों गांवों के हजारों उपभोक्ताओं को बिजली आपूर्ति की जाती है। विभाग के अनुसार नोनार और सकलडीहा द्वितीय फीडर पर अधिक लोड होने के कारण स्विचयार्ड में स्थापित पावर ट्रांसफार्मर गर्म होकर बार-बार ट्रिप कर जाता था, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ता था।एसडीओ सियाराम यादव ने बताया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दोनों फीडरों का लोड संतुलित किया गया है। इससे ट्रांसफार्मर पर दबाव कम होगा और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग की समस्या से उपभोक्ताओं को राहत मिलेगी।मरम्मत कार्य में अवर अभियंता मनीष कुमार सहित सौरभ, वीरेंद्र, सुनील, निरंजन, प्रवीण ,राजन और अन्य विद्युतकर्मी मौजूद रहे।