पुलिया पर सड़क निर्माण से बाधित हुई जल निकासी, व्यापारियों व ग्रामीणों में नाराजगी
सकलडीहा । चंदौली से सैदपुर तक करीब 500 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हाईवे निर्माण कार्य में सकलडीहा डाकघर के समीप पुलिया के ऊपर सड़क बना दिए जाने के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने समस्या के समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया।स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिया के ऊपर सड़क तो बना दी गई, लेकिन पुलिया के भीतर से पानी की निकासी का पर्याप्त प्रबंध नहीं किया गया। ऐसे में बरसात के दौरान जलभराव की आशंका बढ़ गई है, जिससे आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया निर्माण के दौरान उन्होंने जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन भी किया था। लेकिन उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। अब लोगों ने इस मामले में कैबिनेट मंत्री से मिलकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है। स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि क्षेत्र में अतिक्रमण और जल निकासी के प्राकृतिक मार्गों के अवरुद्ध होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। इससे बरसात के दिनों में जलभराव की स्थिति गंभीर हो सकती है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी आकांक्षा सिंह ने कहा कि यदि लिखित शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।