रेलवे की सिग्नल केबल चोरी करने वाले तीन चोर कबाड़ी समेत गिरफ्तार
कोतवाली में बरामद चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार आरोपित।
सकलडीहा। रेलवे स्टेशन के बाहर ड्रम में रखी सिग्नलिंग केबल चोरी करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपित चोरों समेत चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से चोरी की केबल, घटना में प्रयुक्त उपकरण और पल्सर बाइक बरामद की गई। पुलिस ने चारों आरोपितों को विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।सकलडीहा रेलवे स्टेशन पर तैनात एसआइएम रामनरायन राय ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि सोमवार की रात स्टेशन के बाहर रखे ड्रम से अज्ञात चोर करीब 25 से 30 मीटर 12-कोर सिग्नलिंग केबल काटकर चोरी कर ले गए। सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर घटना की जांच शुरू की।थानाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान चतुर्भुजपुर बाजार से पुलिस ने घटना में शामिल तीन आरोपितों को चोरी का सामान खरीदने वाले कबाड़ी के साथ पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि उन्होंने ड्रम में रखी सिग्नल केबल को हेक्सा ब्लेड से काटकर चोरी किया था। इसके बाद केबल को पल्सर बाइक से बेचने के लिए कबाड़ी के पास लेकर पहुंचे थे।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों में दिघवट गांव निवासी दिनेश राय, दिलीप राय और रोहित राय तथा चतुर्भुजपुर निवासी कबाड़ी बनारसी चौहान शामिल हैं। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया।गिरफ्तारी टीम में कोतवाल भूपेंद्र निषाद, एसआइ जगदीश यादव, जयप्रकाश दूबे और सिपाही प्रश्विन दूबे शामिल रहे।
:::