औचक निरीक्षण में चार शिक्षक मिले अनुपस्थित, वेतन रोकने के आदेश
कक्षा में पहुंचे बीएसए, बच्चों से पूछे सवाल और खुद पढ़ाया पाठ
सकलडीहा/चंदौली। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था और शिक्षकों की समयबद्धता परखने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) सचिन कुमार ने गुरुवार को विकासखंड नियामताबाद स्थित कंपोजिट विद्यालय हिनौली का औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब 8:45 बजे अचानक पहुंचे बीएसए को देखकर विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित मिले। इस पर बीएसए ने निरीक्षण तिथि का वेतन रोकने के साथ ही चारों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। बीएसए ने कहा कि विद्यालयों में अनुशासनहीनता और शिक्षकों की लापरवाही किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिक्षकों की समय पर उपस्थिति बच्चों की पढ़ाई से सीधे जुड़ी है। उन्होंने अनुपस्थित शिक्षकों से स्पष्टीकरण तलब करते हुए कहा कि जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।औचक निरीक्षण के दौरान बीएसए कक्षाओं में भी पहुंचे। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद करते हुए पाठ्यक्रम से जुड़े सवाल पूछे और उनके शैक्षणिक स्तर को परखा। उन्होंने स्वयं बच्चों को पढ़ाया और पढ़ाई में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा विद्यालय में छात्र उपस्थिति पंजिका, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था और मध्यान्ह भोजन की भी जांच की।बीएसए ने कहा कि जिले के अन्य परिषदीय विद्यालयों में भी औचक निरीक्षण का अभियान जारी रहेगा। शिक्षण कार्य में लापरवाही या विद्यालय से बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शिक्षकों को समय से विद्यालय पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के निर्देश दिए।

