मंदिर व सड़क निर्माण अधूरा होने पर मंत्री ने जताई नाराजगी
कस्बे के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर का मुख्य द्वार गेट आधा अधूरा देख नाराज हुए
मंत्री पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार को निर्देश देते कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर।
सकलडीहा। हाइवे निर्माण के दौरान तीन साल से अधूरे पड़े मंदिर, सड़क, नाला, डिवाइडर व अन्य विकास कार्यों को लेकर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने नाराजगी जताई। बुधवार को उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को अपने आवास पर तलब कर सभी अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं हुआ तो जिलाधिकारी को बुलाकर संबंधित ठेकेदार व कार्यदायी संस्था के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई कराई जाएगी।सकलडीहा क्षेत्र में हाइवे निर्माण के दौरान कई स्थानों पर विकास कार्य अधूरे छोड़ दिए गए हैं। तेंदुईपुर स्थित काली माता मंदिर का कार्य लंबे समय से अधूरा है। वहीं टिमिलपुर में मुख्यमंत्री पर्यटन योजना के तहत प्रस्तावित गेट का निर्माण भी पूरा नहीं हो सका है। इसके अलावा कई स्थानों पर डिवाइडर और नाला निर्माण अधूरा पड़ा है। बिजली के पोल नहीं लगने से भी लोगों को परेशानी हो रही है।ग्रामीणों के अनुसार हाइवे निर्माण के दौरान कई स्थानों से हैंडपंप उखाड़ दिए गए थे, लेकिन तीन वर्ष बीतने के बाद भी उन्हें दोबारा स्थापित नहीं किया गया। स्थानीय लोगों ने कई बार इसकी शिकायत की, बावजूद इसके कार्यदायी संस्था की ओर से मामले में टालमटोल किया जाता रहा।ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मंत्री अनिल राजभर ने पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन राजेश कुमार को सभी अधूरे कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। एक्सईएन ने मंत्री को शीघ्र कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया।इस मौके पर रतेन्द्र राजभर, टुनटुन, अतुल सिंह, अरविंद राजभर,डॉ. मनोज राय,मोनू,सुभाष राय,पप्पू सिंह,अमित राय,डॉ. श्री राय ,सहित अन्य लोग मौजूद रहे।