बबुरी रोड पर फिर हादसा, पेड़ से टकराकर पलटा ऑटो
बुजुर्ग महिला सहित मासूम गंभीर, तेज रफ्तार ऑटो के अनियंत्रित होने से हुआ हादसा
चंदौली। जिला मुख्यालय स्थित बबुरी रोड पर डीह बाबा मंदिर के समीप बुधवार को तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराकर पलट गया। हादसे में ऑटो सवार बुजुर्ग महिला और मासूम बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।चुरमुली गांव निवासी अजय कुमार अपने परिजनों को दवा दिलाने के लिए ऑटो से चंदौली अस्पताल जा रहे थे। बताया जा रहा है कि डीह बाबा मंदिर के पास पहुंचते ही तेज रफ्तार ऑटो अचानक अनियंत्रित हो गया। चालक जब तक वाहन को संभाल पाता, ऑटो सड़क किनारे पेड़ से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो पलटकर उसके तीनों पहिए ऊपर हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।हादसे में ऑटो सवार बुजुर्ग महिला और मासूम बच्चे को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों को ऑटो से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल भेजा।बबुरी रोड पर लगातार हो रहे हादसों को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता है। लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार के साथ ही सड़क पर चलने वाले पुराने और खटारा वाहनों की नियमित जांच जरूरी है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से वाहनों की फिटनेस और रफ्तार पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।