सकलडीहा कस्बे में गंदगी का अंबार, सफाई कर्मी नदारद
सकलडीहा। सावन माह में जहां कस्बे से होकर बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए आते-जाते हैं, वहीं सकलडीहा कस्बे के एक प्रमुख रास्ते पर गंदगी का अंबार लगा होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लंबे समय से सफाई न होने के कारण सड़क किनारे कूड़ा-कचरा जमा है और दुर्गंध से आसपास के लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सफाई कर्मी नियमित रूप से मौके पर नहीं पहुंचते, जिससे समस्या लगातार बढ़ती जा रही है।कूड़े के ढेर के आसपास गंदा पानी और मलबा जमा होने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ गया है। इससे डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सावन में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसी रास्ते से मंदिर जाते हैं। ऐसे में सड़क पर पसरी गंदगी से श्रद्धालुओं के साथ स्थानीय लोगों को भी काफी परेशानी हो रही है।शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई
गंदगी से परेशान ग्रामीणों ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी की है, लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी समस्या का संज्ञान लेने को तैयार नहीं हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार मौखिक रूप से शिकायत करने के बाद भी सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ। इससे लोगों में जिम्मेदार विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल सफाई कर्मियों की नियमित तैनाती कराने, कूड़े का उठान कराने तथा रास्ते पर साफ-सफाई और कीटनाशक का छिड़काव कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि समय रहते सफाई नहीं कराई गई तो गंदगी के कारण बीमारी फैलने की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।