सकलडीहा पीजी कॉलेज में हुआ ‘खेलो इंडिया संवाद’ का सजीव प्रसारण
सकलडीहा। सकलडीहा पीजी कॉलेज परिसर में गुरुवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के संयुक्त तत्वावधान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ’ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में प्राचार्य, शिक्षकगण, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।सजीव प्रसारण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खेल, खिलाड़ियों, युवा शक्ति और देश में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने से जुड़े विचारों एवं संवाद को ध्यानपूर्वक सुना। इस दौरान विद्यार्थियों में खेलों के प्रति उत्साह और जागरूकता देखने को मिली।प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने प्रधानमंत्री के वक्तव्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य और मनोरंजन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि इनके माध्यम से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और संघर्षशीलता का विकास होता है। उन्होंने वर्ष 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भारत के प्रस्ताव का उल्लेख करते हुए कहा कि यदि भारत को इसकी मेजबानी का अवसर मिलता है तो यह देश के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इससे खेल अधोसंरचना, प्रतिभाओं, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर पैदा होंगे।शारीरिक शिक्षा विभाग के शिक्षक डॉ. श्यामलाल सिंह यादव ने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर प्रत्येक वर्ष 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेंद्र तिवारी, माय भारत की प्रीति श्रीवास्तव समेत महाविद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूकता पैदा करना रहा।