रक्तदान के लिए बढ़े हाथ, 15 यूनिट रक्त किया गया संग्रहित
रेड क्रॉस सोसाइटी व नीमा के शिविर में चिकित्सकों समेत लोगों ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
चंदौली। किसी जरूरतमंद की जिंदगी बचाने के लिए रक्तदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ रही है। इसी क्रम में जिला मुख्यालय स्थित पंडित कमलापति त्रिपाठी संयुक्त चिकित्सालय के ब्लड बैंक में रेड क्रॉस सोसाइटी चंदौली एवं नीमा चंदौली के संयुक्त तत्वावधान में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों समेत अन्य लोगों ने उत्साह के साथ रक्तदान किया। कुल 15 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।शिविर का शुभारंभ बाबा कीनाराम मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. अमित सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई मानवीय कार्य नहीं है। एक व्यक्ति के रक्तदान से किसी जरूरतमंद मरीज को जीवनदान मिल सकता है। दुर्घटना, प्रसव, गंभीर बीमारी और ऑपरेशन के दौरान मरीजों को तत्काल रक्त की आवश्यकता पड़ती है। ऐसे में स्वैच्छिक रक्तदान से रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में मदद मिलती है। स्वस्थ लोगों को नियमित अंतराल पर रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए।रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. एसके यादव और नीमा चंदौली के सचिव एवं रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष डॉ. आरके शर्मा ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। शिविर में रक्तदान करने वालों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।इस अवसर पर ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमित कुमार सिंह, डॉ. एसके सिंह (डेंटल), डॉ. डीएल चौहान, डॉ. सतीश चौहान, डॉ. दीपू सोनी, डॉ. रामनरेश, डॉ. सुधीर यादव, शिवकुमार, महेश यादव, मोनू यादव, अमरनाथ शर्मा सहित चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
