मऊ में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से तीन की मौत
शादी वाले घर में टेंट लगाते समय हुआ हादसा, खुशियां मातम में बदलीं
मऊ। दक्षिण टोला थाना क्षेत्र के डोमनपुरा इस्लामाबाद मोहल्ले में सोमवार को शादी समारोह की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। घर की छत पर टेंट लगाते समय हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद शादी वाले घर में कोहराम मच गया।जानकारी के अनुसार, मोहल्ले में एक घर की एक मंजिला छत पर शादी समारोह के लिए टेंट लगाया जा रहा था। छत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत तार गुजर रहा था। टेंट लगाने के दौरान कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। हादसे में टेंट कर्मचारी इरफान और कामिल तथा घर के सदस्य महमूद गंभीर रूप से झुलस गए।घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। तीनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।हादसे की सूचना पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) और सिटी मजिस्ट्रेट समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।एक ही हादसे में तीन लोगों की मौत से मृतकों के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी की तैयारियों वाले घर में पलभर में खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।