खादी अपनाने और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का दिलाया संकल्पचंदौली : गांधी जयंती के उपलक्ष्य में सोमवार को उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड के तत्वावधान में राजकीय आइटीआइ कॉलेज रेवसा में खादी स्टॉल, स्वच्छता अभियान एवं युवा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी और श्री खादी आश्रम सेवा समिति कमालपुर के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में करीब 100 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महात्मा गांधी के स्वदेशी, आत्मनिर्भरता और खादी के विचारों से परिचित कराना रहा। विद्यार्थियों को खादी के महत्व, उसकी पहचान, उपयोगिता तथा स्थानीय कारीगरों और रोजगार को बढ़ावा देने में खादी की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों के साथ संवाद कर स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने का संदेश भी दिया गया।खादी स्टॉल का राज्यसभा सदस्य साधना सिंह, पं. दीनदयाल नगर विधायक रमेश जायसवाल और चकिया विधायक कैलाश खरवार ने अवलोकन किया। स्टॉल पर विभिन्न खादी उत्पादों का प्रदर्शन किया गया, जहां विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों ने उत्पादों की जानकारी लेने के साथ खरीदारी भी की।इस अवसर पर परियोजना निदेशक आरके चतुर्वेदी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राज कपूर, राजकीय आइटीआइ चंदौली के प्रधानाचार्य अजय कुमार यादव, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गिरजा प्रसाद, श्री खादी आश्रम सेवा समिति के लल्लन कुमार, ग्रांट थॉर्नटन भारत एलएलपी की पीएमसी टीम से रजनीश शर्मा सहित आइटीआइ के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। छात्र-छात्राओं को ‘हर दिल में खादी प्रतिज्ञा’ दिलाई गई। विद्यार्थियों ने खादी एवं ग्रामोद्योग को अपनाने, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने, कारीगरों का सम्मान करने तथा आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।