जनता दर्शन में सीएम योगी ने सुनीं फरियादें, बोले- घबराइए नहीं, हर समस्या का होगा समाधान
रायबरेली के बुजुर्ग की पीड़ा सुन भावुक हुए मुख्यमंत्री, आरोपितों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह जनता दर्शन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने पीड़ितों को भरोसा दिलाया कि किसी को घबराने की जरूरत नहीं है, सभी की समस्याओं का समाधान कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि जनशिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री जनता दर्शन में कुर्सियों पर बैठे फरियादियों के पास स्वयं पहुंचे और एक-एक कर उनकी समस्याएं जानीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शांति, खुशहाली और सुदृढ़ कानून-व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है। इसमें बाधा डालने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाए।
बुजुर्ग की पीड़ा सुन सीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
जनता दर्शन में रायबरेली से पहुंचे एक बुजुर्ग अपनी आपबीती बताते हुए भावुक हो गए। शरीर पर लगी चोट दिखाते हुए उन्होंने बताया कि कुछ लोगों ने उन पर हमला कर मारपीट की और रुपये भी छीन लिए। मुख्यमंत्री ने पूरे प्रकरण की जानकारी लेने के बाद अधिकारियों को आरोपितों के विरुद्ध तत्काल सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जमीन कब्जाने वालों पर होगी कार्रवाई
जनता दर्शन में कुछ लोगों ने जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने की शिकायत भी की। इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गरीब और कमजोर लोगों की जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि अवैध कब्जे वाली जमीन को कब्जामुक्त कराया जाए और राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से लेते हुए उसका समाधान कराया जाए, ताकि आमजन को शासन-प्रशासन के स्तर पर किसी तरह की परेशानी न हो।