जर्जर पंचायत भवन से हादसे का खतरा, ग्रामीणों ने नए भवन की उठाई मांग
बलारपुर में जर्जर पंचायत भवन के निर्माण की मांग को लेकर एकत्र महिलाएं।
सकलडीहा। बलारपुर गांव में जर्जर पंचायत भवन को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। रविवार को महिलाओं ने तहसील प्रशासन से भवन की मरम्मत कराने अथवा नए पंचायत भवन का निर्माण कराने की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि भवन की हालत काफी खराब हो चुकी है। जर्जर भवन में आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालित होने से छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।महिलाओं ने बताया कि पंचायत भवन की छत और दीवारें जर्जर हो चुकी हैं। इसके चलते किसी भी समय हादसा हो सकता है। पंचायत से संबंधित कार्यों और बैठकों के लिए भी ग्रामीणों को परेशानी उठानी पड़ती है। महिलाओं और किशोरियों के लिए भी गांव में बैठक अथवा अन्य गतिविधियों के लिए उपयुक्त स्थान उपलब्ध नहीं है।ग्रामीणों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। महिलाओं ने प्रशासन से जर्जर भवन की जांच कराने के साथ ही नए मिनी सचिवालय के निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।इस दौरान ममता यादव, किरण यादव, चिंता, रीमा देवी, फूलमती, निर्मल, किरण देवी और सरिता सहित कई महिलाएं मौजूद रहीं।