एमएलसी चुनाव के लिए बूथों पर पहुंची पोलिंग पार्टियां, तैयारी पूरी
सकलडीहा, धानापुर और चहनिया ब्लॉक में सुबह आठ से शाम चार बजे तक होगा मतदान
11,814 स्नातक और 1,295 शिक्षक मतदाता करेंगे प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला
एमएलसी चुनाव को लेकर बूथ पर तैयारियों में जुटे अधिकारी।
सकलडीहा (चंदौली)। स्नातक और शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सकलडीहा तहसील क्षेत्र के तीनों विकास खंडों में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शुक्रवार को मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां निर्धारित बूथों पर पहुंच गईं। चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।सकलडीहा, चहनिया और धानापुर ब्लॉक में कुल 11,814 स्नातक तथा 1,295 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव में शिक्षक एमएलसी के 10 और स्नातक एमएलसी के 24 प्रत्याशी मैदान में हैं। मतदान के लिए दोनों श्रेणियों के मतदाताओं के अलग-अलग बूथ बनाए गए हैं। बूथों पर मतदान संबंधी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में अधिकारी और कर्मचारी जुटे रहे।ब्लॉकवार मतदाताओं की बात करें तो सकलडीहा में 3,713 स्नातक और 409 शिक्षक मतदाता हैं। चहनिया में 4,033 स्नातक और 500 शिक्षक, जबकि धानापुर में 4,068 स्नातक और 386 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।चुनाव को देखते हुए मतदान केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में लगाए गए पोस्टर और बैनर हटवा दिए गए हैं। इसके साथ ही सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए बैरियर भी लगाए गए हैं। मतदान केंद्रों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन की ओर से मतदान प्रक्रिया पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखने की व्यवस्था की गई है।चुनाव अधिकारी विनोद यादव ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। निर्धारित समय पर मतदान शुरू कराने के साथ ही बूथों पर अधिकारियों की तैनाती सुनिश्चित की गई है।इस मौके पर बीडीओ विजय सिंह, एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय, पोलिंग अधिकारी श्रवण सिंह सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।