दो दिनों से स्टार्टर जलने से कस्बा सहित आधा दर्जन गावों की आपूर्ति ठप
एक महीने से दुर्गापुर और तेन्दुई में नहीं मिला रहा पेयजल एक साल से ब्लॉक रोड पर बंद पड़ा कनेक्शन
तहसील मार्ग पर खोदा गया गड्ढा को जेसीबी से पाटते हुए कर्मी
सकलडीहा। सम्पूर्ण समाधान दिवस पर सकलडीहा में पेयजल की समस्या को ठीक कराये जाने का जिलाधिकारी चन्द्रमोहन गर्ग की ओर से निर्देश दिया गया था। इसके बाद भी पेयजल की संकट गहरा गया है। बीते दो दिनों से जल निगम की द्वितीय ट्यूवबेल की स्टार्टर जल जाने से पूरे कस्बे की आपूर्ति ठप है। जबकि एक माह से कनेक्शन नहीं होने पर तेन्दुई और दुर्गापुर में पेयजल आपूर्ति ठप है। ब्लॉक रोड पर एक साल से अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप है। जिसे लेकर कस्बावासियों में भारी आक्रोश है।
कस्बावासियों ने आरोप लगाया कि जब से हाइवे सड़क का निर्माण हो रहा है। कई बार पेयजल पाइप क्षतिग्रस्त होने से कस्बा में पानी की संकट से लोग जूझ रहे है। बीते एक साल से ब्लॉक रोड पर पाइप लाइन कनेक्शन होने के बाद भी कनेक्शन नहीं जोड़े जाने से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ा है। अभी ब्लॉक रोड के लोग पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे कि एक माह से दुर्गापुर और तेन्दुई मार्ग पर जाने वाली पाइप कनेक्शन बंद कर दिया गया है। इस संकट से परेशान ग्रामीणों ने तहसील दिवस पर डीएम से शिकायत किया। तीन दिन बाद भी अधिकारी के निर्देश बाबजूद पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो पाया। रविवार को देर शाम से टिमिलपुर जल निगम की द्वितीय ट्यूववेल की स्टार्टर जल गया। जिससे पूरे सकलडीहा कस्बा सहित आधा दर्जन गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप है। होली का पर्व आगामी 4 मार्च को है। पेयजल की समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने आन्दोलन की चेतावनी दिया है। इस बाबत एसडीएम कुंदन राज कपूर ने बताया कि विभाग के माध्यम से शीघ्र ही समस्या को दूर कराया जायेगा।
