पृथ्वी दिवस पर महाविद्यालय में शपथ एवं संगोष्ठी का आयोजन
सकलडीहा। पोस्ट ग्रेजुएट कालेज में समाजशास्त्र विभाग द्वारा बुद्धवार को पृथ्वी दिवस के अवसर पर सकलडीहा पोस्ट ग्रेजुएट कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं पृथ्वी को सुरक्षित रखने की शपथ लिया। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडेय ने किया व इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में पृथ्वी दिवस के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन, बढ़ता प्रदूषण, वृक्षों की कटाई तथा अनियोजित शहरीकरण के कारण पृथ्वी का तापमान लगातार बढ़ रहा है। विशेष रूप से यह चिंता का विषय है कि विश्व के सबसे गर्म शहरों में भारत के अनेक शहर शामिल हो रहे हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण एवं ऊर्जा बचत जैसे उपाय अत्यंत आवश्यक हैं।
प्राचार्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार पांडेय ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि पृथ्वी को बचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनना होगा तथा दैनिक जीवन में पर्यावरण हितैषी आदतों को अपनाना होगा।इसके पश्चात प्रोफेसर दयाशंकर सिंह यादव, विभागाध्यक्ष समाजशास्त्र ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस मनाने का विषय नहीं, बल्कि इसे जीवनशैली का हिस्सा बनाना होगा। समाज में जागरूकता फैलाकर ही आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित भविष्य दिया जा सकता है।वहीं प्रोफेसर दया निधि सिंह ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि पृथ्वी हमारे जीवन का आधार है। जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के बिना मानव सभ्यता का संतुलित विकास संभव नहीं है। प्रत्येक व्यक्ति को एक पेड़ लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रो इंद्रदेव सिंह,प्रोफेसर विजेंद्र सिंह, प्रो शमीम राईन ,डॉ. रजनीश गुप्ता, डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. संदीप सिंह, डॉ. इंद्रजीत सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. अजय यादव ,संदीप सिंह,डॉ. जितेंद्र यादव यज्ञनाथ पांडे डॉक्टर श्याम लाल यादव डॉ पवन ओझा आदि लोग उपस्थित रहे। सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पृथ्वी संरक्षण हेतु जागरूक रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभाग तथा अन्य विभागों के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन कार्यक्रम अधिकारी प्रोफेसर दयाशंकर सिंह यादव द्वारा किया गया।