हर घर तिरंगा अभियान के तहत सकलडीहा पीजी कॉलेज में निकली भव्य जागरूकता रैली
सकलडीहा। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में संचालित हर घर तिरंगा अभियान के तहत गुरुवार को सकलडीहा पीजी कॉलेज में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक जिम्मेदारी का संदेश देते हुए भव्य जागरूकता रैली निकाली गई। महाविद्यालय परिसर से शुरू हुई रैली में प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।हाथों में तिरंगा लेकर विद्यार्थी भारत माता की जय, वंदे मातरम् तथा तिरंगा हमारी शान है, भारत की पहचान है जैसे देशभक्ति नारों के साथ क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से गुजरे। इस दौरान लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर अपने घरों, प्रतिष्ठानों और संस्थानों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए जागरूक किया गया।महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पाण्डेय ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान महज एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति श्रद्धा, सम्मान और जिम्मेदारी की अभिव्यक्ति है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।कार्यक्रम संयोजक प्रो. दयाशंकर सिंह यादव ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की एकता, अखंडता और विविधता में एकता का प्रतीक है। रैली के दौरान विद्यार्थियों और महाविद्यालय परिवार ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों तथा वीर शहीदों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।रैली में राष्ट्रीय सेवा योजना, रोवर-रेंजर तथा राजनीति विज्ञान विभाग के प्रो. समीम राईन सहित विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही। विद्यार्थियों में तिरंगा लेकर रैली में शामिल होने को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर प्रो. विजेंदर सिंह, प्रो. महेंद्र सिंह, प्रो. इंद्रदेव सिंह, डॉ. राजेश यादव, डॉ. जितेंद्र यादव, डॉ. रजनीश गुप्ता, डॉ. यज्ञनाथ पाण्डेय, अजय यादव, राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्याम लाल यादव, डॉ. योगेंद्र तिवारी सहित महाविद्यालय के विभिन्न विभागों के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, रोवर-रेंजर और एनएसएस के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। महाविद्यालय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाने तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति, एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना के साथ मनाने की अपील की।



