चन्दौली कैथी की बेटी डॉ. निधि तिवारी बनीं असिस्टेंट प्रोफेसर
बिहार उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में हुआ चयन, गांव में खुशी की लहर
चहनियां, चंदौली। क्षेत्र के कैथी गांव की होनहार बेटी डॉ. निधि तिवारी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर सफलता हासिल की है। बिहार उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से उनका चयन असिस्टेंट प्रोफेसर पद पर हुआ है। उनकी उपलब्धि की जानकारी मिलते ही गांव और क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्वजन और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की।डॉ. निधि के पिता वीरेंद्र प्रताप तिवारी वाल्मीकि इंटर कॉलेज से सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य हैं। निधि बचपन से ही पढ़ाई में मेधावी और मेहनती रही हैं। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा गांव से प्राप्त की और बलुआ से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) में प्रवेश लिया। उन्होंने बीएचयू से उच्च शिक्षा हासिल करने के साथ ही वहीं से पीएचडी की उपाधि भी प्राप्त की।असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयन की खबर मिलते ही घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। ग्रामीणों ने कहा कि डॉ. निधि की उपलब्धि से गांव की बेटियों और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।इस सफलता पर वीरेंद्र तिवारी, महेंद्र तिवारी, भानु तिवारी, ज्ञानधर तिवारी सहित अन्य ग्रामीणों ने डॉ. निधि तिवारी को बधाई दी। दूर-दराज में रहने वाले रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने भी फोन के माध्यम से शुभकामनाएं दीं।