किसान दिवस में किसानों की समस्याओं पर डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
चंदौली। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग की अध्यक्षता में मासिक किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे किसानों ने कृषि, सिंचाई, बिजली आपूर्ति समेत अन्य समस्याओं को अधिकारियों के समक्ष रखा। जिलाधिकारी ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर उनका निस्तारण करने का निर्देश दिया।जिलाधिकारी ने कहा कि किसानों की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों और प्रार्थना पत्रों का निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान मौके पर कराया जाए।सिंचाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने नहरों के टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश दिए। वहीं कृषि कार्यों के लिए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को संबंधित अभियंताओं को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आर. जगत साई, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राजेश कुमार, उप निदेशक कृषि, जिला उद्यान अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिशासी अभियंता समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।