दो सप्ताह से पानी में डूबा सकलडीहा, जिम्मेदार बेखबर
तहसील, कॉलेज और डायट परिसर में घुटनेभर पानी, आवागमन के साथ पठन-पाठन प्रभावित
तहसील व कॉलेज मार्ग पर भरा बरसात का पानी
सकलडीहा। लगातार हो रही बारिश से सकलडीहा कस्बा और तहसील क्षेत्र में जलभराव की समस्या गंभीर हो गई है। पिछले दो सप्ताह से तहसील, शिक्षण संस्थानों, सरकारी कार्यालयों और प्रमुख मार्गों पर पानी जमा है। कई स्थानों पर घुटनेभर पानी होने से लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से ग्रामीणों और व्यापारियों में नाराजगी है।बारिश से सकलडीहा इंटर कॉलेज से तहसील, पीजी कॉलेज और विद्युत कार्यालय जाने वाला मार्ग पूरी तरह जलमग्न है। कोतवाली मार्ग से सम्मे माता मंदिर तथा नागेपुर सचिवालय जाने वाले रास्ते पर भी पानी भरा हुआ है। तहसील परिसर में जलभराव के कारण अधिवक्ताओं के चैंबर तक पानी पहुंच गया है। इससे अधिवक्ताओं के साथ ही तहसील आने वाले फरियादियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।डायट परिसर की स्थिति भी खराब है। परिसर में संचालित दो परिषदीय विद्यालय पानी में डूबे हैं। प्राचार्य कक्ष सहित अन्य हिस्सों में पानी जमा होने से प्रशिक्षण कार्य प्रभावित हो रहा है। विद्यालयों में भी पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित है।जलभराव के कारण कई लोगों के घरों और खेतों में भी पानी पहुंच गया है। लंबे समय से पानी जमा होने के बावजूद जलनिकासी की स्थायी व्यवस्था नहीं किए जाने से लोगों में रोष है। ग्रामीणों और व्यापारियों ने प्रशासन से जलनिकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।