बाइक सवार आए दिन हो रहे दुर्घटनाग्रस्त, व्यापारियों में रोष
सकलडीहा-अलीनगर तिराहे के समीप हाईवे पर घूमते छुट्टा पशु
सकलडीहा।सकलडीहा-अलीनगर हाईवे मार्ग पर छुट्टा पशुओं का जमावड़ा राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। सुबह और शाम के समय आधा दर्जन से अधिक पशु सड़क पर विचरण करते रहते हैं।वही अचानक सड़क पर पशुओं के आ जाने से वाहन चालकों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। आए दिन बाइक सवार हादसे का शिकार हो रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से व्यापारियों और राहगीरों में रोष है। शासन-प्रशासन के साथ ही न्यायालय की ओर से हाईवे और प्रमुख मार्गों पर छुट्टा पशुओं के कारण होने वाली दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसके बावजूद सकलडीहा क्षेत्र में समस्या जस की तस बनी हुई है। हाईवे पर पशुओं के झुंड के कारण वाहन चालकों को अचानक ब्रेक लगाना पड़ता है, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।व्यापारियों का कहना है कि सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशु कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। कई बार वाहन चालक इनसे बचने के प्रयास में अनियंत्रित होकर गिर जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से अभियान चलाकर छुट्टा पशुओं को पकड़ने और उन्हें पशु आश्रय केंद्र भेजने की मांग की है।बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बतायाकि सड़क पर घूम रहे छुट्टा पशुओं को कर्मचारियों के माध्यम से पकड़वाकर पशु आश्रय केंद्र भेजने की कार्रवाई की जाएगी।