ट्रैक्टर नाला में फंसा, सकलडीहा में लगा लंबा जाम
सघन तिराहा से ईटवा काली माता मंदिर तक वाहनों की कतार, पुलिस ने मशक्कत कर खुलवाया जाम
सकलडीहा सघन तिराहा से अंग्रेजी शराब की दुकान तक जाम में फंसे वाहन।
सकलडीहा। ब्लॉक मुख्यालय मार्ग पर नाला निर्माण के दौरान ट्रैक्टर का पहिया खोदाई किए गए नाले में धंस जाने से आवागमन बाधित हो गया। देखते ही देखते सकलडीहा सघन तिराहा से लेकर ईटवा गांव स्थित काली माता मंदिर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में सवारी वाहनों के साथ स्कूल वाहन भी फंस गए। इससे स्कूल जाने वाले छात्र-छात्राओं और राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।सकलडीहा ब्लॉक मुख्यालय मार्ग पर पिछले करीब तीन माह से सड़क चौड़ीकरण का कार्य चल रहा है। इसी क्रम में ब्लॉक तिराहा से अंग्रेजी शराब की दुकान तक नाला निर्माण के लिए खोदाई कराई गई है। शुक्रवार को निर्माण कार्य के दौरान एक ट्रैक्टर का पहिया अचानक नाले में धंस गया। इससे मार्ग पर वाहनों का आवागमन प्रभावित हो गया।कुछ ही देर में सघन तिराहा से ईटवा गांव के काली माता मंदिर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। ब्लॉक मुख्यालय मार्ग पर भी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। जाम में फंसे स्कूली वाहन और सवारी वाहनों में बैठे छात्र-छात्राओं को काफी देर तक परेशानी झेलनी पड़ी।जाम की सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों को नियंत्रित कराया और नाले में फंसे ट्रैक्टर को हटवाकर आवागमन सुचारू कराया। इसके बाद राहगीरों और स्कूली वाहनों में सवार छात्र-छात्राओं ने राहत की सांस ली।