सड़क मरम्मत से तिराहे पर लगा जाम, घंटों रेंगते रहे वाहन
अलीनगर तिराहे पर वाहनों की लगी लंबी कतार, पुलिस ने संभाली व्यवस्था
सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर जाम में फंसे वाहनों की लंबी कतार।
सकलडीहा। सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर लंबे अरसे बाद शुरू हुई सड़क मरम्मत राहगीरों के लिए राहत के साथ परेशानी का सबब भी बन गई। शुक्रवार को मरम्मत कार्य के दौरान वाहनों का दबाव बढ़ने से तिराहे पर जाम लग गया। देखते ही देखते सकलडीहा-चहनिया मार्ग से लेकर सकलडीहा-अलीनगर मार्ग तक वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर कोतवाल भूपेंद्र निषाद पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और यातायात व्यवस्था संभालते हुए जाम हटवाया। इसके बाद आवागमन सुचारु हो सका।सकलडीहा-अलीनगर तिराहे का मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में था। सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण आए दिन वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे थे। कई राहगीरों के घायल होने के बाद ग्रामीणों ने बीते दिनों विरोध प्रदर्शन कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद कार्यदायी संस्था की ओर से शुक्रवार सुबह सड़क मरम्मत का कार्य शुरू कराया गया।मरम्मत कार्य के चलते मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम गई और कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात को नियंत्रित कर वाहनों को बारी-बारी से आगे बढ़ाया। सुबह से शाम तक पुलिसकर्मी तिराहे पर तैनात रहे, जिससे जाम की स्थिति दोबारा गंभीर न हो।कोतवाल भूपेंद्र निषाद ने बताया कि सकलडीहा-अलीनगर तिराहे पर सड़क जर्जर होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी। सड़क मरम्मत के लिए संबंधित कार्यदायी संस्था को अवगत कराया गया था। मरम्मत कार्य शुरू होने के दौरान यातायात प्रभावित हुआ, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।