प्रशासन आपके द्वार: ताजपुर में लगी वृहद ग्राम चौपाल, गर्भवती महिलाओं की हुई गोद भराई
सकलडीहा। शासन की ‘प्रशासन आपके द्वार’ योजना के तहत सकलडीहा विकासखंड की ताजपुर ग्राम सभा में शनिवार को वृहद ग्राम चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनी गईं और विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने का भरोसा दिया।कार्यक्रम में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की रस्म कराई गई। महिलाओं को पोषण किट प्रदान करते हुए गर्भावस्था के दौरान पौष्टिक आहार लेने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूक किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं और बच्चों से जुड़ी पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी गई।ग्राम चौपाल में विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे। अधिकारियों और कर्मचारियों ने ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता एवं लाभ लेने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। वहीं ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिस पर संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।इस दौरान ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी, विभागीय कर्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ताजपुर में आयोजित ग्राम चौपाल में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई करते अधिकारी।