धर्मशाला व तालाब की जमीन पर कब्जे की शिकायत, कार्रवाई की मांग
संपूर्ण समाधान दिवस में 56 शिकायतें, पांच का मौके पर निस्तारण
सकलडीहा। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर अधिकारियों के समक्ष शिकायतें दर्ज कराईं। एसडीएम आकांक्षा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें पांच शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को भेजते हुए समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए गए। इस दौरान कई अधिकारी और कर्मचारी गैरहाजिर भी रहे। धर्मशाला पर कब्जे की शिकायत: टिमिलपुर ग्राम पंचायत की प्रधान रीता देवी ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि गांव की धर्मशाला पर दूसरे ग्राम पंचायत के लोगों ने कथित रूप से कब्जा कर लिया है। इसके चलते गांव के गरीब परिवारों को शादी-विवाह व अन्य सामाजिक कार्यक्रम आयोजित करने में परेशानी हो रही है। प्रधान ने बताया कि कई बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने गांव के तालाब के भीटे पर हो रहे अतिक्रमण की शिकायत करते हुए भी कार्रवाई की मांग की।फलदार पौधों के वितरण पर उठाए सवाल: भारतीय किसान यूनियन के वाराणसी मंडल अध्यक्ष जितेंद्र प्रताप तिवारी ने उद्यान विभाग की ओर से वितरित किए गए फलदार पौधों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि गांवों में फलदार पौधों का वितरण नहीं किया गया। उन्होंने मामले की जांच कराकर सरकारी धन के उपयोग की जांच की मांग की।जलभराव से मच्छरों का बढ़ा प्रकोप: किसान नेता ने गांवों में जलभराव के कारण मच्छरों के बढ़ते प्रकोप का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि कई स्थानों पर पानी जमा होने के बावजूद मच्छररोधी दवा का छिड़काव नहीं कराया गया है। उन्होंने तत्काल दवा का छिड़काव कराने की मांग की। इसके साथ ही हेतमपुर माइनर पर अतिक्रमण की शिकायत करते हुए समस्या का शीघ्र समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।समाधान दिवस में तहसीलदार अभिजीत प्रताप सिंह, बीईओ कृष्ण गोपाल तिवारी, बीडीओ विजय कुमार सिंह, सीडीपीओ विमलेश पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।