अधिवक्ताओं के लिए जल्द बनेगा लाइब्रेरी युक्त भवन: अनिल राजभर
कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा पर अधिवक्ताओं ने जताया हर्ष, मंत्री को सौंपा पत्रक
सकलडीहा। शासन की ओर से अधिवक्ताओं को कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की घोषणा पर अधिवक्ताओं में हर्ष है। शनिवार को वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों व अधिवक्ताओं ने कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर से मुलाकात कर शासन की पहल की सराहना की। इस दौरान सकलडीहा तहसील परिसर में लाइब्रेरी युक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग को लेकर मंत्री को पत्रक सौंपा गया।मंत्री अनिल राजभर ने अधिवक्ताओं का पत्रक लेते हुए जल्द ही अधिवक्ता भवन का निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिवक्ता हित में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।अधिवक्ताओं ने बताया कि सकलडीहा तहसील में लाइब्रेरी युक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग लंबे समय से की जा रही है। डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन की ओर से इसके लिए लगातार प्रयास किया जा रहा है। बीते दिनों बार एसोसिएशन के शपथ ग्रहण समारोह में भी मंत्री अनिल राजभर ने अधिवक्ताओं की सुविधा के लिए वाटर कूलर लगवाने के साथ ही अन्य मांगों को पूरा कराने का आश्वासन दिया था।इसी क्रम में वरिष्ठ अधिवक्ता अजय कुमार सिंह के नेतृत्व में डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जनार्दन मिश्रा और महामंत्री आशुतोष मिश्रा ‘आंशु’ सहित अधिवक्ताओं ने कैशलेस इलाज की सुविधा की घोषणा पर मंत्री को बधाई दी। साथ ही लाइब्रेरी युक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग दोहराई ।इस मौके पर वरिष्ठ अधिवक्ता विजय प्रताप सिंह, आशुतोष सिंह, विपिन सिंह, उपेंद्र नारायण सिंह, रतेन्द्र राजभर, मिश्री, रामप्यारे राजभर,गोबिंद राय सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर को लाइब्रेरी युक्त अधिवक्ता भवन के निर्माण की मांग को लेकर पत्रक सौंपते डेमोक्रेटिक बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व अधिवकता।