नजर हटते ही बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी, चार नाबालिग समेत कबाड़ी युवक भी हिरासत में
रेकी के बाद वारदात को दिया अंजाम, चोरी का सामान बरामद।।
सकलडीहा। कस्बे के टिमिलपुर में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात का पुलिस ने राजफाश करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चार नाबालिगों समेत एक कबाड़ी को हिरासत में लिया है। आरोपितों की निशानदेही पर चोरी का सामान बरामद किए जाने की बात पुलिस ने कही है। नाबालिगों के मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई कर रही है।जानकारी के अनुसार सकलडीहा कस्बे से सटे टिमिलपुर चन्दौली मुख्य मार्ग पर शुभम आर्य का मकान है। उनका परिवार वाराणसी में रहता है,कभी कभी लॉगो का आना जाना लगा रहता है। जिसके कारण मकान अधिक बंद ही रहता था। आरोप है कि चोरों ने मकान की पहले रेकी की और मौका देखकर दरवाजे का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद बिजली का सामान, नकदी, तार, बोर्ड, मोटर, पंखा समेत अन्य सामान चोरी कर लिया।घटना की जानकारी होने पर पीड़ित ने सकलडीहा थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ ही पुलिस ने अन्य माध्यमों से भी छानबीन शुरू कर दिया। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर पुलिस ने चार नाबालिगों को हिरासत में लिया।पूछताछ में चोरी का सामान एक कबाड़ी के यहां बेचने की बात सामने आने पर पुलिस ने कबाड़ी को भी हिरासत में ले लिया। पुलिस के अनुसार आरोपितों की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान बरामद कर लिया गया है। बरामद सामान में बिजली के उपकरण, तार, बोर्ड, मोटर और पंखा आदि शामिल बताए गए हैं।सकलडीहा थाना प्रभारी भूपेंद्र निषाद के नेतृत्व में पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है। पुलिस बरामद सामान को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त के संबंध में भी जांच की जा रही है।