सीबीएसई कार्यशाला में शिक्षकों को मिला नई शिक्षा नीति का प्रशिक्षण
परीक्षा की तैयारी और प्रभावी शिक्षण पद्धति के बताए गए गुण
सकलडीहा। बृजनंदनी कॉन्वेंट स्कूल, सकलडीहा में शनिवार को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से ‘लर्निंग आउटकम्स एंड पेडागॉजी’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें चंदौली जनपद के विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने प्रतिभाग किया।सीबीएसई की ओर से नियुक्त रिसोर्स पर्सन डॉ. मुक्ति पांडेय एवं श्रीमती शुभ्रा मिश्रा ने शिक्षकों को नई शिक्षा नीति, प्रभावी शिक्षण पद्धति, लर्निंग आउटकम्स तथा आगामी परीक्षाओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को विद्यार्थियों के सीखने के स्तर को बेहतर बनाने और शिक्षण को अधिक प्रभावी एवं परिणामपरक बनाने के विभिन्न तरीकों से अवगत कराया गया।कार्यशाला का शुभारंभ संस्था के निदेशक डॉ. अखिलेश अग्रहरि, डॉ. मुक्ति पांडेय एवं श्रीमती शुभ्रा मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। सुबह नौ बजे शुरू हुई कार्यशाला शाम पांच बजे तक चली। इस दौरान विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से प्रतिभाग किया और विशेषज्ञों से विषय संबंधी जानकारी प्राप्त की।कार्यक्रम के अंत में संस्था के प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष त्रिपाठी ने अतिथियों, रिसोर्स पर्सन एवं प्रतिभागी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।



