जीवित्पुत्रिका पर्व पर सरोवरों पर उमड़ा आस्था का सैलाब
सकलडीहा के प्राचीन सरोवरों पर व्रती महिलाओं ने विधि-विधान से किया पूजन-अर्चन
सकलडीहा, चंदौली। जीवित्पुत्रिका (जिउतिया) पर्व पर रविवार को सकलडीहा कस्बे के विभिन्न सरोवरों पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। संतान की दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना को लेकर व्रती महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर सरोवरों के किनारे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। इस दौरान सरोवरों पर सुबह से ही महिलाओं की भीड़ जुटी रही।कस्बे के प्राचीन दुर्गा माता मंदिर स्थित शिव सरोवर, सत्ती माता सरोवर, कोर्ट परिसर के समीप स्थित सरोवर समेत अन्य जलाशयों पर महिलाओं ने पहुंचकर स्नान-ध्यान के बाद पूजन किया। महिलाओं ने जिउतिया की कथा सुनी और संतान की लंबी आयु, उत्तम स्वास्थ्य एवं सुखमय जीवन की कामना की। पूजा के दौरान सरोवरों के आसपास भक्तिमय माहौल बना रहा।पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कई महिलाएं समूह में पूजन सामग्री लेकर सरोवरों पर पहुंचीं। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं। सुरक्षा को लेकर भी स्थानीय स्तर पर लोगों की सक्रियता बनी रही।सुबह से ही कस्बे के विभिन्न सरोवरों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही लगी रही। महिलाओं के साथ परिवार के अन्य सदस्य भी पूजा में सहयोग करने पहुंचे।
सरोवरों पर घंटों तक चले पूजन-अर्चन से पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया।






