एनएचएम कर्मियों ने मांगों को लेकर किया प्रदर्शन, सुविधाएं देने की उठाई आवाज
सकलडीहा, चंदौली। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत कार्यरत कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने शासन-प्रशासन से उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने तथा सेवा संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई।कर्मचारियों का कहना है कि एनएचएम के तहत स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से सेवाएं देने के बावजूद उन्हें कई जरूरी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। अपनी मांगों को लेकर कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए संबंधित अधिकारियों को मांगपत्र भी सौंपा।,मांगपत्र में कर्मचारियों ने मानदेय में वृद्धि, सभी एनएचएम कर्मचारियों को ईपीएफ (EPF) की सुविधा दिए जाने तथा ईएसआई, ग्रेच्युटी और स्वास्थ्य बीमा समेत आवश्यक सामाजिक सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित किए जाने की मांग की। इसके साथ ही कर्मचारियों के लिए उचित वेतन नीति लागू करने की भी मांग उठाई गई।कर्मचारियों ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर ढंग से संचालित करने में एनएचएम कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके बावजूद उन्हें सेवा के अनुरूप सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। कर्मचारियों ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को आगे बढ़ाने की चेतावनी दी।इस मौके पर जिलाउपाध्यक्ष संतोष कुमार राय,ब्लॉक अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह,उपाध्यक्ष अशोक यादव,महामंत्री शाहिद आलम अंसारी,मीडिया प्रभारी शिवेंद्र सिंह,धीरज पांडेय,चंद्र कुमार, धिरजा सिंह ,उपेंद्र कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
सकलडीहा में मांगों को लेकर प्रदर्शन करते एनएचएम कर्मी।