अपशिष्ट प्रबंधन पर प्रस्तुति देने वाली टीम रही प्रथम
सकलडीहा। सेवा संकल्प अभियान के तहत सकलडीहा पीजी कॉलेज के अर्थशास्त्र विभाग की ओर से संस्थान नवाचार परिषद (आइआइसी) के सहयोग से मंगलवार को महाविद्यालय सभागार में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज-2026’ का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में पांच टीमों ने भाग लेकर विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक समस्याओं के समाधान से जुड़े नवाचारी विचार प्रस्तुत किए।प्रतियोगिता में आरती कुमारी एवं अभय कुमार की टीम ने अपशिष्ट प्रबंधन विषय पर प्रभावी प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं सतत कृषि एवं मृदा स्वास्थ्य विषय पर प्रस्तुति देने वाली अंकिता कुमारी एवं मुस्कान की टीम द्वितीय तथा किसानों की आय विषय पर प्रस्तुति देने वाली अंशिका यादव एवं पायल की टीम तृतीय स्थान पर रही। इसके अलावा तुषालक्ष्मी पांडेय, खुशी खखर, करिश्मा, नाजिया, पल्लवी, राज, कौशिक और खुशबू सहित अन्य विद्यार्थियों ने भी प्रतिभाग किया।अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इंद्रदेव सिंह ने कहा कि नवाचार और स्टार्टअप के माध्यम से विद्यार्थी सामाजिक समस्याओं के समाधान के साथ स्वरोजगार के नए अवसर भी विकसित कर सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नए विचारों को व्यावहारिक रूप देने के लिए प्रेरित किया।प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि नवाचारी सोच, निरंतर परिश्रम और सामाजिक उत्तरदायित्व के समन्वय से ही आत्मनिर्भर एवं समृद्ध भारत के निर्माण में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम का संचालन एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. योगेंद्र तिवारी ने किया। संयोजन डॉ. मीनू श्रीवास्तव एवं डॉ. अमन मिश्र ने किया, जबकि तकनीकी सहयोग डॉ. श्यामलाल सिंह यादव ने प्रदान किया। इस अवसर पर डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी, डॉ. अनामिका सिंह सहित महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
