ट्रक में घुसी तेज रफ्तार अर्टिगा, तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत
सड़क हादसा : पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर तड़के हुआ भीषण हादसा, तीन अन्य घायल
सुल्तानपुर, बल्दीराय। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बुधवार तड़के तेज रफ्तार अर्टिगा अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में देवरिया निवासी तीन टेनिस खिलाड़ियों की मौत हो गई, जबकि कार सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा।जानकारी के अनुसार, खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया लौट रहे थे। बुधवार तड़के करीब पांच बजे बल्दीराय थाना क्षेत्र में उनकी कार तेज गति से पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर जा रही थी। इसी दौरान चालक का वाहन पर नियंत्रण नहीं रहा और कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अर्टिगा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर फंस गए।हादसे की जानकारी मिलते ही राहगीरों के साथ यूपीडा के सुरक्षाकर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद कार के क्षतिग्रस्त दरवाजे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भेजा गया। वहां चिकित्सकों ने देवरिया निवासी नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) को मृत घोषित कर दिया। तीन अन्य घायलों का उपचार चल रहा है।पुलिस की प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने के कारण हादसा होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। हादसे की सूचना मृतकों के स्वजन को दे दी गई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है।