बचत और निवेश के गुर सीखकर वित्तीय रूप से जागरूक बने विद्यार्थी
सकलडीहा (चंदौली)। सकलडीहा पीजी कॉलेज में शुक्रवार को अर्थशास्त्र विभाग के सहयोग से एडुफिन वेलफेयर फाउंडेशन की ओर से निवेशक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विश्व निवेशक जागरूकता सप्ताह (5 से 11 अक्टूबर) के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में 60 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इसमें विद्यार्थियों को बचत की आदत विकसित करने, निवेश के महत्व और सुरक्षित वित्तीय निर्णय लेने के बारे में जानकारी दी गई।कार्यक्रम में संसाधन व्यक्ति के रूप में ऑनलाइन जुड़ीं सुश्री पलक लोटिया ने सरल भाषा में निवेश के विभिन्न पहलुओं को समझाया। उन्होंने कहा कि नियमित बचत और सही निवेश की जानकारी भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने में सहायक होती है। उन्होंने चक्रवृद्धि ब्याज की शक्ति, म्यूचुअल फंड, सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआइपी), आपातकालीन कोष तैयार करने तथा महंगाई के प्रभाव से बचत की क्रय शक्ति को सुरक्षित रखने जैसे विषयों पर प्रकाश डाला।उन्होंने विद्यार्थियों को वित्तीय निर्णय लेते समय होने वाली सामान्य गलतियों से बचने के उपाय भी बताए। सत्र के अंत में प्रश्नोत्तर कार्यक्रम हुआ, जिसमें छात्र-छात्राओं ने निवेश से जुड़े सवाल पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया।सुश्री लोटिया वर्ष 2010 से वित्तीय क्षेत्र में प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत हैं। वह सेबी, एनआइएसएम, एनएसई और बीएसई सहित विभिन्न संस्थाओं के साथ संसाधन व्यक्ति के रूप में जुड़ी हैं।इस अवसर पर अर्थशास्त्र विभाग के प्रभारी प्रो. इंद्रदेव सिंह, कार्यक्रम संयोजक डॉ. अमन मिश्रा, डॉ. योगेंद्र तिवारी, डॉ. मीनू श्रीवास्तव, डॉ. सीता मिश्रा, डॉ. वंदना कुमारी और डॉ. रजनीश गुप्ता सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे। कार्यक्रम निश्शुल्क आयोजित किया गया। अंत में आयोजकों ने प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।