साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्कता जरूरी : प्राचार्य
सकलडीहा पीजी कॉलेज में मिशन शक्ति 6.0 के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
सकलडीहा, 15 अक्टूबर। सकलडीहा पीजी कॉलेज में गुरुवार को मिशन शक्ति 6.0 के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की दोनों इकाइयों और मिशन शक्ति प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। उत्तर प्रदेश पुलिस महानिदेशक के निर्देशन में आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम के माध्यम से छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. प्रदीप कुमार पांडेय ने किया। उन्होंने साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों और उनके बदलते स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि डिजिटल तकनीक के बढ़ते उपयोग के साथ साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहना बेहद जरूरी है। विद्यार्थियों को इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए और किसी भी अनजान लिंक, संदिग्ध कॉल या संदेश पर भरोसा करने से बचना चाहिए।कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस की ओर से आयोजित ‘मिशन शक्ति 6.0 : साइबर सिक्योरिटी अवेयरनेस विद रक्षित टंडन’ कार्यक्रम में साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ डॉ. रक्षित टंडन ने ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी की पहचान और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के उपायों पर चर्चा की।इस अवसर पर थाने के उपनिरीक्षक लक्ष्मीकांत मिश्र ने भी विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने व्यक्तिगत जानकारी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारियों को सुरक्षित रखने तथा इंटरनेट का इस्तेमाल करते समय सतर्कता बरतने की अपील की।कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी एवं असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्याम लाल सिंह यादव ने किया। इस दौरान प्रो. दयाशंकर सिंह यादव, डॉ. संदीप सिंह, यज्ञनाथ पांडेय और डॉ. अनामिका सिंह सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं एनएसएस की दोनों इकाइयों के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में डॉ. वंदना कुमारी ने अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के प्रति सजग रहने, ऑनलाइन गतिविधियों में सावधानी बरतने और सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया गया।
