बकाया मानदेय मिलने पर लेखपालों ने कार्य बहिष्कार लिया वापस
सकलडीहा। बकाया मानदेय न मिलने से नाराज लेखपालों ने चार अगस्त से चल रहा ऑनलाइन सत्यापन कार्य का बहिष्कार वापस ले लिया है। इससे आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र समेत अन्य अभिलेखों के सत्यापन का कार्य अब दोबारा शुरू हो सकेगा। कार्य बहिष्कार के कारण हजारों आवेदन लंबित होने से छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।लेखपालों के कार्य बहिष्कार की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन की ओर से बकाया मानदेय भुगतान की कार्रवाई की गई। जिलाधिकारी के निर्देश पर बकाया मानदेय तहसील पहुंचने के बाद लेखपाल संघ ने अपना निर्णय वापस ले लिया।लेखपाल संघ के जिलाध्यक्ष विनय सिंह ने बताया कि बकाया मानदेय तहसील पहुंच गया है। इसके बाद संघ की ओर से ऑनलाइन सत्यापन कार्य के बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया गया है। लेखपाल अब अपने नियमित कार्य में जुटेंगे, जिससे लंबित प्रमाण पत्रों और अन्य अभिलेखों के सत्यापन में तेजी आने की उम्मीद है।