हाईवे पर आवारा मवेशियों का आतंक, तीन की वाहन से कुचलकर मौत
तेंदुईपुर गांव के समीप हाईवे पर मृत पड़े मवेशी।
सकलडीहा। सकलडीहा-तेन्दुईपुर हाईवे पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा ग्रामीणों और राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। शुक्रवार की सुबह सड़क किनारे बैठे तीन मवेशियों को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में तीनों मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद काफी देर तक मवेशी सड़क पर पड़े रहे, जिससे आवागमन प्रभावित हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि हाईवे पर आवारा पशुओं की समस्या लंबे समय से बनी हुई है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से आए दिन दुर्घटना की स्थिति बनी रहती है।ग्रामीणों के अनुसार, सकलडीहा कस्बे से लेकर तेंदुईपुर गांव के आसपास हाईवे पर दिन-रात बड़ी संख्या में मवेशी घूमते रहते हैं। विशेष कर सुबह और शाम के समय सड़क पर पशुओं के झुंड दिखाई देते हैं। तेज रफ्तार वाहनों के बीच अचानक मवेशियों के सड़क पर आ जाने से बाइक सवारों और अन्य राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। कई बार वाहन चालक मवेशियों को बचाने के प्रयास में नियंत्रण खोने से बाल-बाल बचते हैं।शुक्रवार को तीन मवेशियों की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। हादसे के बाद मृत मवेशियों को कुत्ते नोंच रहे थे। इससे सड़क से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ग्रामीणों ने बताया कि आवारा पशु सड़क के साथ-साथ बाजार और आबादी वाले क्षेत्रों में भी घूमते रहते हैं। किसानों के लिए भी ये पशु परेशानी का कारण बने हैं। खेतों में पहुंचकर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ ही रात के समय सड़क पर बैठ जाने से दुर्घटना का खतरा बढ़ जाता है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि हाईवे पर नियमित अभियान चलाकर आवारा मवेशियों को पकड़कर पशु आश्रय केंद्र भेजा जाए। साथ ही पशु आश्रय केंद्रों में उनकी समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पशुओं को दोबारा सड़कों पर न छोड़ा जाए। ग्रामीणों का कहना है कि केवल हादसे के बाद मृत पशुओं को हटाने से समस्या का स्थायी समाधान नहीं होगा। आवारा पशुओं को सड़क से हटाने के लिए नियमित निगरानी और ठोस कार्रवाई जरूरी है।मृत मवेशियों की सूचना ग्रामीणों ने मंत्री अनिल राजभर को दी। मंत्री ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से वार्ता कर तत्काल मृत मवेशियों को सड़क से हटवाने तथा हाईवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को पशु आश्रय केंद्र भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद बीडीओ विजय कुमार सिंह और एडीओ पंचायत बजरंगी पांडेय ने कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने मृत मवेशियों को सड़क से हटाकर आवागमन सुचारु कराया।बीडीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि हाईवे पर घूम रहे आवारा पशुओं को पकड़कर पशु आश्रय केंद्र भेजने के लिए कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है।
इनसेट
सकलडीहा में अब तक दर्जनों बाइक सवार घायल हो चुके है जानकारी के अनुसार घरचित गांव के भाई बहन हॉस्पिटल से लौटते समय पशु के टक्कर से देर शाम लगभग 7 बजे आवारा पशु के टक्कर से घायल हो गए,वही जिला मुख्य मार्ग पर मंगलवार को सड़क पर मृत पशु के टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई ऐसी कस्बे के अंदर दर्जनों घटनाएं आये दिन घट रही है।वही अधिकारी अनजान बने बैठे है।